अल्मोड़ा। जिला योजना में हवालबाग विकासखंड की एक भी योजना को शामिल नहीं करने पर ब्लाक के पंचायत प्रतिनिधि भड़क उठे हैं। विकासखंड के पंचायत प्रतिनिधियों ने बैठक कर आरोप लगाया है कि जिला योजना से विकासखंड को बजट भी नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों से जिला योजना जैसी महत्वपूर्ण योजना में विकासखंड की एक भी योजना को शामिल नहीं किया गया है और न ही बजट अवमुक्त हुआ है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में जिला योजना की बैठक में विकासखंड के क्षेत्र प्रमुख और खंड विकास अधिकारी को भी नहीं बुलाना क्षेत्र की घोर उपेक्षा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठक में पारित प्रस्ताव यदि जिला योजना में शामिल नहीं किए गए तो विरोध स्वरूप ब्लाक मुख्यालय से जिला प्रशासन की शवयात्रा निकालने को पंचायत प्रतिनिधि मजबूर होंगे। विकास भवन प्रांगण में प्रतीकात्मक जिला प्रशासन का शवदाह किया जाएगा।
बैठक में प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नयाल, ज्येष्ठ उप प्रमुख महेश चंद्र, कनिष्ठ उप प्रमुख चंदन लाल, मोहन चंद्र, राजेंद्र बोरा, संजय सिंह, संजय कुमार, विनोद कनवाल, रमेश बिष्ट, वीरेंद्र चिलवाल, प्रेमा रायल, नंदन सिंह भोजक, राजेंद्र प्रसाद, ललित मोहन पंत, सुनीता देवी, महेंद्र सिंह आदि ने भाग लिया।