ग्रामीण क्षेत्रों में भी योग दिवस पर हुए कार्यक्रम
अल्मोड़ा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी कार्यक्रम हुए। राजकीय आदर्श इंटर कालेज हवालबाग में ग्रीष्मावकाश के बावजूद छात्र-छात्राएं स्कूल पहुंचे और योगाभ्यास किया। राष्ट्रीय सेवायोजना के कार्यक्रम अधिकारी शंकर दत्त भट्ट ने विद्यार्थियों को योग और प्राणायाम की जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्कूल के हर्बल गार्डन में तुलसी के पौधों का रोपण किया। प्रतिभागियों ने योग और आयुर्वेद को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी नंदन सिंह बिष्ट, गणेश पालनी, अर्जुन सिंह, विमल कुमार आदि मौजूद थे।
इधर ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल में पतंजलि समिति के संवाद प्रभारी भूपेंद्र सिंह वल्दिया और भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी रूप सिंह बिष्ट के निर्देशन में योगाभ्यास हुआ। प्राणायाम, कपालभाति, अनुलोम विलोम, भ्रामरी, प्रणव, वृक्षासन, त्रिकोण आसन, बज्रासन आदि का अभ्यास कराया गया। इस मौके पर स्कूल के प्रबंधक हर्षवर्धन चौधरी, प्रधानाचार्या सुरीना चौधरी, उप प्रधानाचार्या गीता साह, दिनेश रौतेला, नीलम नेगी, चंद्रकला पांडे, रेखा पांडे आदि मौजूद थीं।