बरसात में छह लाख से अधिक पौधे लगाएगा वन विभाग
अल्मोड़ा। पर्यावरण के प्रति लोगों को संदेश देने के लिए वन विभाग ने इस बरसात में जिले में 569.50 हेक्टेयर वन क्षेत्र में छह लाख से अधिक पौधे रोपने का लक्ष्य तय किया है। जिसमें इमारती प्रजाति के अलावा, ईंधन चारा प्रजाति, फलदार और औषधीय प्रजाति के पौधे शामिल हैं। वन विभाग ने वर्षा वाले कुछ क्षेत्रों में पौध रोपण का काम भी शुरू कर दिया है। इसके लिए जिले में 400 वन कर्मियों को पौध रोपण के कार्य में लगने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में वन विभाग की 38 नर्सरियां हैं। 22.61 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली नर्सरियों में 11 लाख 72 हजार 699 पौधे तैयार किए गए हैं। इस बरसात में जिले में करीब 6.32 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन पौधों को अलग-अलग वर्गीकृत किया गया है। जिसमें 80 हजार 44 पौधे इमारती प्रजाति के, 34 हजार 2474 पौधे ईंधन एवं चारा प्रजाति के, 96 हजार 795 पौधे फलदार प्रजाति के, 94 हजार 223 पौधे औषधीय और 19 हजार 224 पौधे शोभायमान प्रजाति के हैं। इन पौधों को 569.50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में लगाए जाने की तैयारी कर ली गई है। डीएफओ आरएस प्रजापति ने बताया कि जुलाई के अंत तक इन पौधों को लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके लिए वन विभाग के 400 वन रक्षकों को इस कार्य में लगाया गया है।