सरेआम शराबियों ने कर दी ट्रैफिक पुलिस से बदतमीजी
अल्मोड़ा। रविवार दोपहर बाद मालरोड में यातायात व्यवस्था में लगे एक ट्रैफिक पुलिस कर्मी से सड़क में घूम रहे तीन शराबियों ने बदतमीजी कर दी। मामला बढ़ता देख शराबी भीड़ के बीच से निकल लिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार दोपहर बाद यातायात व्यवस्था में लगे एक पुलिस कर्मचारी से महिलाओं ने कुछ शराबियों द्वारा परेशान करने की शिकायत की।
इस पर यातायात कर्मी ने शराबियों को डांटा तो मामला बिगड़ गया। यातायात कर्मी और शराबियों के बीच बात हाथापाई तक आ गई। इस दौरान यातायात कर्मचारी के खरोंच आने के साथ कमीज के कुछ बटन भी टूट गए। मामला बढ़ता देख आसपास के व्यापारी और कुछ लोग बीच-बचाव को आए, लेकिन तब तक तीनों शराबी भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकले।