विधायक मनोज तिवारी ने कहा है कि सरकार विकास कार्यों के लिए उपलब्ध संसाधनों से बजट अवमुक्त कर रही है। कार्यों की बेहतर गुणवत्ता के लिए कार्यदायी संस्थाएं विशेष सावधानी बरतें साथ ही जनता भी कामों की निगरानी रखे। तिवारी करबला और पपरसली में नगर और उसके आसपास के क्षेत्रों में 10.96 करोड़ की लागत से होने वाले सड़क सुधारीकरण समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों की लागत की कई योजनाओं को मंजूरी देकर बजट अवमुक्त कर दिया है। नगर की नौ आंतरिक सड़कों के सुधारीकरण को 6.60 करोड़ और एनटीडी कफड़खान मार्ग के लिए 4.36 करोड़ का बजट लोनिवि एडीबी खंड को अवमुक्त कर दिया है। विभाग ने निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली है और जल्द ही काम शुरू होगा। तिवारी ने कहा कि विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं है, लेकिन बजट का सदुपयोग होना चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए साथ ही स्थानीय लोगों से काम में निगरानी रखने को कहा, ताकि लोगों को लंबे समय तक लाभ मिल सके। विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि लोनिवि में अधिकारियों के पद तो काफी बढ़ गए हैं, लेकिन कर्मचारियों के पद खाली होने से काम की गति काफी सुस्त है। सरकार को खाली पदों को शीघ्र भरना चाहिए।
अध्यक्षता करते हुए पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी और जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती महरा ने विकास कार्यों के लिए सीएम हरीश रावत और संसदीय सचिव मनोज तिवारी का आभार जताया। दुग्ध संघ अध्यक्ष दीप डांगी, कांग्रेस नेता बिट्टू कर्नाटक आदि ने विचार रखे। ईई आनंद सिंह ने सभी का आभार जताया। करबला में हुए समारोह का संचालन पूर्व प्रधान संजय दुर्गापाल और परपरसली में तारु तिवारी, दिनेश पिलख्वाल ने किया। इस मौके पर पीएमजीएसवाई के एसई सुरेश आर्या, बीस सूत्रीय कार्यक्रम की महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीति बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि रमा जोशी, जिला पंचायत सदस्य भावना अधिकारी, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष त्रिलोचन जोशी, केसीडीएफ के अध्यक्ष अमरनाथ रावत, भूपेंद्र भोज, तारू जोशी, दानिश खान, रॉबिन भंडारी, लता तिवारी आदि मौजूद थे।