लक्सा के रहने वाले नंदन सिंह ने एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के लिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से इंडेन का निर्धारित नंबर डायल किया। दिशा-निर्देश ठीक से सुन नहीं पाए और पहले बुकिंग के लिए 1 दबाया और फिर 0 दबा दिया। नतीजा यह हुआ कि सिलेंडर की बुकिंग और डिलवरी तो हो गई लेकिन उनके हिस्से की सब्सिडी खाते में नहीं पहुंची। जब वह एजेंसी पर शिकायत लेकर पहुंचे तो छानबीन के बाद यह पता चला कि भूलवश उन्होंने ही सब्सिडी छोड़ने का ऑप्शन दबा दिया था तो वह भौचक रह गए।
नंदन सिंह की तरह कई और भी उपभोक्ता हैं जिन्हें ऐसी परेशानी से दो-चार होना पड़ा है। गलत ऑप्शन दबाने के कारण वह अपनी सब्सिडी से वंचित रह गए। दरअसल, 1 दबाने का ऑप्शन सिलेंडर की बुकिंग के लिए और 0 दबाने का ऑप्शन सब्सिडी छोड़ने के लिए है। नंबर डायल करने पर सुनाई देने वाले दिशा-निर्देश में उपभोक्ता को बाकायदा इसकी जानकारी भी दी जाती है लेकिन तमाम उपभोक्ता उसके बाद भी जल्दबाजी या भूलवश गलती कर बैठते हैं। शहर की विभिन्न एजेंसियों पर रोजाना ऐसी पचास से साठ शिकायतें पहुुंच रही हैं। वाराणसी एलपीजी वितरक संघ के प्रवक्ता मनीष चौबे ने बताया उपभोक्ताआें की समस्याओं के समाधान के लिए के लिए हर शनिवार को दोपहर एक से चार बजे तक हर्ष गैस एजेंसी पर सहायता शिविर आयोजित किया जाता है। शिविर में इंडेन के असिस्टेंट मैनेजर सेल्स सत्यम और अन्य अधिकारियाें की मौजूदगी में उनकी उपभोक्ताओं की समस्या हल की जाएगी।