वाराणसी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें पढ़ाई संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा। पराड़कर भवन में रविवार को आरडी इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्टमेटिक लर्निंग की ओर से ऑनलाइन टेस्ट पोर्टल जांच किया गया, जिसके जरिये परीक्षा से जुड़ी जानकारियां आसानी से मिलेंगी।
निजी और सरकारी क्षेत्रों में नौकरी के लिए अब अधिकांश जगहों पर ऑनलाइन आवेदन और ऑनलाइन परीक्षा कराई जाती है। इस बारे में सही जानकारी के अभाव में जहां फार्म भरने में अभ्यर्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, वहीं भागदौड़ भी करनी पड़ती है। युवाओं की इन समस्याओं
के निराकरण के लिए आरडी इंस्टीट्यूट ने यह पोर्टल तैयार किया है। इस पर बैंकिंग, रेलवे, तकनीकी संस्थानों आदि में रोजगार संबंधी जानकारियां उपलब्ध रहेंगी। पोर्टल को लांच करते हुए अलास्का यूनिवर्सिटी यूएसए के प्रो. बीएल दूबे और संस्था के निदेशक आलोक विमल ने बताया कि विभिन्न विभागों की परीक्षा के लिए किस तरह से फार्म भरे जाएंगे, कैसे सवाल आते हैं और उन्हें कैसे हल किया जाए, पोर्टल
पर ऐसी सभी जानकारियां मुहैया कराई जाएंगी। साथ ही पूर्व में हुई परीक्षाओं के प्रश्नपत्र और आंशर सीट भी अपलोड की जाएंगी। बताया कि पोर्टल से जुड़ने के लिए विद्यार्थी नि:शुल्क पंजीकरण करा सकेंगे। कार्यक्रम में प्रो. अनिल अग्रवाल, प्रो. सी. लाल, डॉ. रचना शर्मा एवं डीके वर्मा आदि मौजूद रहे।