महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मेगा जॉब फेस्ट में पूर्वांचल के युवा आज अपनी किस्मत आजमाएंगे। 4500 रिक्त पदों के लिए 10 हजार से अधिक आवेदकों के आने की संभावनाएं हैं। 20 और 21 मई को कैंपस प्लेसमेंट में विश्वविद्यालय के अलावा बाहरी युवक-युवतियों को भी मौका मिलेगा। शनिवार और रविवार को मेगा जॉब फेस्ट के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण का भी इंतजाम किया गया है। विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र और कर्मचारियों को बतौर वॉलंटियर लगाया गया है। कुलपति प्रो. एके त्यागी ने बताया कि 55 से अधिक कंपनियां युवाओं का साक्षात्कार लेंगी। पिछले साल 1134 युवाओं का कैंपस प्लेसमेंट में चयन हुआ था। इस बार ढाई हजार चयन का लक्ष्य है।आईटीआई, डिप्लोमा, ग्रेजुएट, डिप्लोमा ट्रेनी इंजीनियर के लिए 1800 पद होंगे। वहीं, बैंकिंग सेक्टर, इंश्योरेंस, हॉस्पिटैलिटी, बीपीओ, सेल्स, असिस्टेंट प्रोफेसर एवं रिटेल सेक्टर के लिए 2500 पद होंगे। ऑफलाइन पंजीकरण के लिए 16 हेल्पलाइन काउंटर लगाए जाएंगे। यहां अभ्यर्थी अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। विद्यार्थियों को पंजीकरण के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा जबकि बाहरी विद्यार्थी या बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए दो सौ रुपये का पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।