जखनिया। जिले के वाराणसी-भटनी रेलखंड पर सादात से जखनिया रेलवे स्टेशन के बीच हुरमुजपुर हाल्ट के पास मंगलवार 10 बजे को कुछ युवकों ने आजमगढ़ के एक युवक की पिटाई कर चलती ट्रेन से फेंक दिया। इससे उसकी मौत हो गई। युवक ने दो शादियां की थी। घर वालों का आरोप है कि दूसरी पत्नी के परिचित युवक ने दोस्तों के साथ वारदात की है।
आजमगढ़ के मुबारकपुर के गजहरा गांव निवासी राजीव गौतम (35) गाजीपुर के माहपुर रिश्तेदारी में आया था। यहां से मंगलवार सुबह वाराणसी-भटनी पैसेंजर ट्रेन से मऊ की ओर जा रहा था।
गौतम के साथ यात्रा कर रहे उसके चचेरे भाई श्रीकांत ने बताया कि सादात रेलवे स्टेशन पर मऊ निवासी संप्रदाय विशेष का युवक 12 साथियों के साथ ट्रेन में सवार हुआ। ट्रेन के आगे बढ़ने पर सुबह करीब दस बजे बहरियाबाद थाना क्षेत्र के हुरमुजपुर हाल्ट के पास युवकों ने राजीव गौतम की जमकर पिटाई कर दी और चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया। इससे उसकी मौत हो गई। ट्रेन के जखनिया स्टेशन पर रुकने पर सभी उतर कर भाग गए। श्रीकांत ने इसकी जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी। उनकी सूचना पर बहरियाबाद पुलिस पहुंच गई। राजीव के घर वालों के मुताबिक, आजमगढ़ के मुबारकपुर के गजहरा गांव निवासी राजीव गौतम की 10 साल पूर्व आजमगढ़ के भीखा गांव निवासी निशा से शादी हुई थी। इसके बाद राजीव ने गांव की आयशा खातून के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। दोनों पत्नियां रजामंदी से साथ रहने को तैयार हो गई थीं। निशा युवक के गांव गजहरा और आयशा मुबारकपुर के इस्लामपुरा मुहल्ले में राजीव गौतम के साथ किराए के मकान में रहती थी। राजीव चालक था। घर वालों का आरोप है कि जिस युवक ने मित्रों के साथ हमला किया था, वह आयशा खातून का परिचित था और प्राय: उसके घर आया-जाया करता था। थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि स्टेशन से मेमो आया कि एक युवक ट्रेन से कट गया है। दरोगा को भेजा गया था। अगर ट्रेन में मारपीट हुई है तो उसकी रिपोर्ट जीआरपी दर्ज करेगी।
जीआरपी औड़िहार के एसआई सुरेश कुमार साहनी ने बताया कि पैसेंजर ट्रेन से गिरने से राजीव गौतम की मौत हो गई है। परिवार वालों ने तहरीर नहीं दी है।