Varanasi News: ऑनलाइन शुरू हुआ प्यार का सिलसिला इस कदर बढ़ा कि महाराष्ट्र की युवक शादी की जिद में नंगे पांव थाने पहुंच गई। आरोप है कि प्रेमी और उसके परिवार ने शादी का भरोसा दिया था, लेकिन अब उससे किनारा कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई प्रेम कहानी अब सारनाथ थाने तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र के पालघर निवासी युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर नंगे पांव सारनाथ थाने पहुंची। युवती का आरोप है कि प्रेमी और उसके परिवार ने शादी का भरोसा दिया था, लेकिन अब उससे किनारा कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर हल निकालने में लगी है।
विज्ञापन
पालघर निवासी युवती ने बताया कि एक साल पहले सारनाथ क्षेत्र के पुराना पुल निवासी निहाल राजभर से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया। युवती का कहना है कि 25 दिन पहले वह प्रेमी के बुलावे पर घर छोड़कर वाराणसी आई थी, लेकिन यहां पहुंचने पर लड़के के परिजनों ने शादी से इन्कार कर दिया।
2030 में विवाह कराने की बात कहकर उसे वापस भेज दिया। पालघर लौटने पर युवती के परिजनों ने स्थानीय पुलिस में शिकायत की। मामले को लेकर गांव में पंचायत भी हुई, जिसमें युवती के अनुसार सरपंच ने दोनों की शादी कराने की बात कही। इसके बाद परिजनों ने उसका मोबाइल छीन लिया और घर से निकाल दिया।
विज्ञापन
मजबूर होकर युवती दोबारा नंगे पांव ट्रेन से वाराणसी पहुंची और सारनाथ थाने में प्रेमी से शादी कराने की गुहार लगाई। कार्यवाहक थाना प्रभारी जितेंद्र पाल सिंह ने बताया कि युवती की शिकायत पर उसके प्रेमी और परिजनों को थाने बुलाया गया है। कानूनी और सामाजिक पहलुओं को ध्यान में रख कार्रवाई की जाएगी।