कांशीराम आवास की छत से गिरकर युवक की मौत, युवती घायल
शिवपुर। थाना क्षेत्र के कांशीराम आवास पुराना ब्लॉक नंबर छह के तीसरे तल की छत से शनिवार की रात युवक और युवती ने छलांग लगा दी। घटनास्थल पर युवक की मौत हो गईं। वहीं, युवती घायल है, जिसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इस मामले में किसी तरह की कोई तहरीर थाने में नहीं दी गईं।
सिगरा थाना क्षेत्र का रहने वाला 30 वर्षीय युवक अपनी मौसी के यहां काशीराम आवास में पिछले दो माह से मच्छोदरी की रहने वाली 24 वर्षीय युवती के साथ रह रहा था। युवक और युवती दोनों पति-पत्नी के रूप में रहते थे। आवास के लोगों ने बताया कि इधर कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद हो रहा था। युवती कहती थी कि तुम्हें सामर्थ्य नहीं था तो क्यों शादी की और क्यों यहां लाकर रखा। रात लगभग 10 बजे युवती और युवक दोनों तीसरे तल की छत पर पहुंचे। इस बीच युवती छत से छत से नीचे कूद गई। इसके बाद युवक भी नीचे कूद गया। युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, युवती का बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है। शिवपुर पुलिस ने बताया कि इस तरह की कोई भी सूचना किसी ने नहीं दी है।
डेबिट कार्ड लेकर फरार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
शिवपुर। चिकित्सक का चार दिन पहले डेबिट कार्ड लेकर फरार आरोपी को पुलिस ने रविवार को सुद्धीपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जौनपुर के शाहगंज निवासी सुनील सोनकर के रूप में हुई है। इंद्रपुर निवासी डॉ. ओमप्रकाश चौबे 19 सितंबर को गिलट बाजार स्थित एसबीआई शाखा से पैसा निकालने गए थे, उसी दौरान आरोपी उनका डेबिट कार्ड लेकर फरार हो गया था।