गोरक्षा के नाम पर हो रही गुंडागर्दी पर पीएम मोदी के बाद सीएम योगी का भी दर्द छलका है। पीएम मोदी ने गुरुवार को गोरक्षा के नाम पर गुंडागर्दी करने वालों को कड़ी फटकार लगाई थी। पीएम मोदी ने कहा था कि गोरक्षा के नाम पर हत्या बर्दाश्त नहीं है। विनोबा भावे और गांधी ने हमें गोरक्षा करना सिखाया था।
रविवार को वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने 'आज तक' को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि गो रक्षा के नाम पर हो रही गुंडागर्दी पर पीएम मोदी की पीड़ा स्वाभाविक है। इस तरह की घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं की जाएगी।
गोरक्षा के नाम पर हो रही हिंसा पर सीएम योगी ने कहा कि यूपी में इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। ना ही शरारती तत्वों को स्वीकार किया जाएगा। प्रदेश में कोई भी कानून नहीं तोड़ सकता है।
गोसेवा हमारी सनातन परंपरा है। गोरक्षा के नाम पर कानून को अपने हाथ में किसी को हक नहीं है। सभी के लिए लक्ष्मण रेखा तय है। कोई भी शरारत कर रहा है तो पुलिस ऐसी लोगों को पकड़ रही है। ये घटनाएं नहीं होनी चाहिए।
हमने अवैध बूचड़खानों को रोका है जिससे अवैध तस्करी रोकी जा रही है। गो तस्करी के लिए रुट के सभी थाने जिम्मेदार होंगे। गोरक्षा के नाम पर कानून हाथ में लेने की छूट नहीं।
सरकार के 100 दिन पूरे होने पर सीएम योगी ने कहा कि इन 100 दिनों में पुलिस-प्रशासन ने अच्छा काम किया है। बढ़ते अपराध के आंकड़ों पर योगी ने कहा कि इसका प्रमुख कारण ये है कि हमने 100 प्रतिशत एफआईआर दर्ज कराई हैं। अब अपराधियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल होती हैं।