चर्चित मामला
लालपुर-पांडेयपुर थाने क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पीएम के संज्ञान में लेने पर एसआईटी (विशेष जांच दल) गठित किया था। 11 अप्रैल को काशी पहुंचे प्रधानमंत्री ने विमान से उतरते ही सबसे पहले पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा और जिलाधिकारी एस. राजलिंगम से दुष्कर्म मामले में बातचीत की थी।
इसके साथ ही कई ऐसे मामले रहे, जिसमें बच्चियों से दुष्कर्म हुए। आरोपी उम्रदराज था। बीते 3 दिसंबर को कोतवाली थाना क्षेत्र के हरतीरथ स्थित एक इलाके में रहने वाली सात साल की मासूम के साथ एक कथित हकीम के द्वारा दरिंदगी करने का मामला बुधवार शाम प्रकाश में आया। मासूम बच्ची के परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने 65 वर्षीय महमूद अली हकीम को पकड़ कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया है।
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय एक बच्ची के साथ पड़ोसी ने दुष्कर्म किया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने मासूम को महिला अस्पताल भेजा। परिजनों से तहरीर लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तहरीर मिलने के चार घंटे बाद आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
वाराणसी में 55 साल के व्यक्ति ने आठ साल की बच्ची को बनाया शिकार
कोतवाली थाना क्षेत्र के दारानगर स्थित मध्येश्वर इलाके में बीते 16 नवंबर एक गेस्ट हाउस के अंदर आठ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म 55 साल के व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची का मेडिकल मुआयना कराया गया।
चितईपुर थाना क्षेत्र निवासी बच्ची का मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मायके में शादी समारोह में शामिल होने कोतवाली थाना क्षेत्र के मध्यमेश्वर आईं थीं। शाम के समय उर्दी रस्म की तैयारी चल रही थी, उसी दौरान बच्ची घर के बाहर खेल रही थी।
किशोरी को नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म
मिर्जामुराद क्षेत्र के भिखारीपुर गांव स्थित हाइवे के समीप बीते 24 नवंबर को ओयो रूम्स ड्रीम लाइट होमस्टे के रूम में बीते एक पखवारा पूर्व एक किशोरी के साथ दुराचार का मामला सामने आया है। इस संबंध में मिर्जामुराद पुलिस रविवार को मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई।
एक पखवारा पूर्व मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित एक गांव की किशोरी को युवक निवासी बेनीपुर (मिर्जामुराद) इंस्टाग्राम के जरिए दूर का रिश्ता बता कर दोस्ती कर लिया और नेशनल हाईवे से सटे भिखारीपुर स्थित एक ओयो रूम्स ड्रीम लाइट होमस्टे के रूम नंबर 106 में ले जाकर नशीला पेय पिलाकर दुष्कर्म किया।
जब किशोरी को होश आया तो उसने इसका विरोध किया। कहा कि को तुमने मेरे साथ धोखे से गलत काम किया है। उस दौरान युवक ने किशोरी को शादी का झांसा दिया। कुछ दिन बाद फिर किशोरी को होटल ले जाने की बात कही, लेकिन किशोरी ने मना कर दिया।
500 बच्चों संग कोच ने की गंदी बात
वाराणसी में बीते छह दिसंबर को दो किशोरों से यौन अपराध के आरोपी क्रिकेट कोच मुरालीलाल गोंड़ उर्फ गौतम को भेलूपुर पुलिस ने लंका क्षेत्र के सीरगोवर्धन से गिरफ्तार किया। पॉक्सो एक्ट के आरोपी मुरारीलाल को कोर्ट ने जेल भेज दिया।
गिरफ्तार कोच जंसा थाना क्षेत्र के मीरावन और वर्तमान में लंका के सीरगोवर्धन का निवासी है। पॉक्सो के मामले में चार साल पहले भी वह जेल जा चुका है। पुलिस के सामने आरोपी ने कबूला कि पिछले पांच साल में वह 500 से ज्यादा बच्चों के साथ गलत हरकत कर चुका है।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि क्रिकेट अभ्यास और अंडर-14 में चयन के बहाने किशोरों के साथ मुरारीलाल ने गलत हरकत की। पीड़ित परिजनों की तहरीर के आधार पर पॉक्सो मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई।
वाराणसी में एसओजी-2 का गठन
अवैध कार्यों की निगरानी और त्वरित कार्यवाही के लिए कमिश्नरेट वाराणसी में एसओजी-2 का गठन किया गया है। जुआ, सट्टा, अनैतिक कार्य, अवैध हुक्काबार, मादक पदार्थों की बिक्री आदि को रोकने के लिए एसओजी-2 कार्य करेगी।
एसओजी-2 टीम के सदस्य उप निरीक्षक अभिषेक पांडेय, कांस्टेबल सचिन मिश्रा थाना कैंट और अखिलेश कुमार गिरि थाना सिगरा और रामनगर थाना के कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह है।
पूर्व में गठित विशेष ऑपरेशन ग्रुप अब एसओजी-1 के नाम से कार्य करेगी, जो लूट, डकैती, चोरी, नकबजनी, वांछित व पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी एवं अपराध पर्दाफाश में शामिल रहेगी। कैंप कार्यालय पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों संग बैठक की।
एसओजी-टू का 28 जुलाई को गठन हुआ। कहीं रेस्टोरेंट, हुक्काबार की आड़ तो कहीं स्पा सेंटर और होटल, होम स्टे, गेस्ट हाउस की आड़ में देह व्यापार का संचालन पाया गया। इन सभी मामलों में एसओजी- टू ने ढाई महीने में 22 मुकदमे दर्ज कर 178 लोगों को गिरफ्तार किया। बंगाल, दिल्ली, बिहार, झारखंड की युवतियों के सहारे शहर में देह व्यापार का धंधा पनप रहा था। शहर में 150 से अधिक स्पा सेंटर संचालित हैं।
पुलिस ने 10 महीने में 17 जगहों पर किया देह व्यापार का खुलासा
काशी में 2025 में अब तक पुलिस 17 जगहों पर देह व्यापार का भंडाफोड़ कर चुकी है, लेकिन लोकल इनपुट यूनिट (एलआईयू) को भनक नहीं लगी। पुलिस ने देह व्यापार के आरोप में 83 लोगों को गिरफ्तार भी किया है। संसाधन और मैन पावर में विस्तार के बाद भी एलआईयू नतीजे नहीं दे पा रही है। छावनी क्षेत्र जैसे पॉश इलाके में देह व्यापार चलता रहा। कई जगहों पर छह माह तक देह व्यापार चलता रहा और बाद में एसओजी-2 को खुलासा करना पड़ा।
जिले में कुल 2500 होटल, गेस्ट हाउस, लॉज, होम स्टे हैं, जिनमें से 1200 रजिस्टर्ड और 1300 अवैध हैं। सिगरा थाना क्षेत्र के परेडकोठी, विजयानगरम मार्केट, इंग्लिशिया लाइन में मानक के अनुरूप संचालित गेस्ट हाउस में देह व्यापार हो रहा है। इसके बाद भी एलआईयू की टीम एक भी गेस्ट हाउस के बारे में कोई रिपोर्ट उच्चाधिकारियों तक पेश नहीं कर सकी।