यश कुमार ने बृहस्पतिवार को सुखनंदन स्मृति जूनियर आमंत्रण टेबल टेनिस प्रतियोगिता के एकल मुकाबले में सूर्यांश पटेल को सीधे सेटों में 3-0 से और लकी शर्मा ने ईशान उपाध्याय को कड़े मुकाबले में 3-2 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
लोढ़ान स्थित बाबू आरएन सिंह इंडोर स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में यश कुमार ने शुरू से लूप शॉट और काउंटर हिट की नीति से सूर्यांश पटेल को उभरने नहीं दिया। यश कुमार ने पहला सेट 11-8 से,दूसरा सेट 11-7 से और तीसरा सेट 11-8 से जीता। दूसरे मैच में लकी शर्मा और ईशान उपाध्याय के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। लकी शर्मा ने ड्रॉप शॉट और ब्लॉक शॉट का समझदारी से प्रयोग करते हुए पहला सेट 11-9 से जीता। इसके बाद ईशान उपाध्याय ने बैंक हैंड शॉट और स्पिन शॉट के जरिये दूसरा सेट 11-8 से और तीसरा सेट 11-9 से जीत कर 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद लकी शर्मा ने कम बैक करते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया। चौथा सेट 11-9 से जीत कर स्कोर 2-2 कर दिया। निर्णायक एवं पांचवें सेट में लकी शर्मा ने बेहतरीन खेल खेला और 11-8 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।