छोटे शहरों और गांवों की प्रतिभाओं को मंच जरूरी
उद्घाटन समारोह में राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना भी विकसित करता है। खिलाड़ियों को जीत-हार की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं और बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगे प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जगह बना सकते हैं।
स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह की शुरुआत छात्राओं के स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि मुकेश कुमार केसरी ने अतिथियों के साथ संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह, पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक विजय प्रकाश सिंह और अमरनाथ सिंह को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
खेल शिक्षक डॉ. भरतभूषण सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न जिलों से पहुंची टीमों और खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। इसके बाद खिलाड़ियों का वजन और पात्रता संबंधी जांच पूरी कराई गई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले शुरू हुए।
चार दिवसीय प्रतियोगिता 23 से 26 सितंबर तक चलेगी। इसमें अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के बालक और बालिका खिलाड़ी अलग-अलग भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रशिक्षकों और निर्णायकों की नजर रहेगी। इस अवसर पर बीएसए सचिन कुमार, जिला क्रीड़ा सचिव अरुण कुमार, पंकज सिंह, मोतीलाल, वंशराज, चंद्रेश्वर सिंह, इंदल राय, विजयंत प्रसाद, अंजू, किशोर कुमार सहित अन्य मौजूद रहे। प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
11 मंडलों के खिलाड़ी पहुंचे
प्रदेशीय वुशू प्रतियोगिता में सहारनपुर, मेरठ, आगरा, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, कानपुर, मुरादाबाद, विंध्याचल, कस्तूरबा और गोरखपुर मंडल की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। 23 से 26 सितंबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले करेंगे।
पहले दिन के मुकाबलों पर नजर
- महिला अंडर-19, 45 किलो : तनु (मेरठ) ने दीपिका (लखनऊ) को हराया
- दूसरे मुकाबले में महिमा (वाराणसी) ने श्रेया (मिर्जापुर) को हराया
- सेमीफाइनल में तनु ने महिमा को हराकर बढ़त बनाई
- पहले दिन खिलाड़ियों की वजन और पात्रता जांच भी कराई गई
चार दिन चलेगी खेल प्रतिभाओं की परीक्षा
- 23 सितंबर : उद्घाटन और प्रारंभिक मुकाबले
- 24 सितंबर : विभिन्न भार वर्गों के मुकाबले
- 25 सितंबर : अगले दौर और निर्णायक मुकाबले
- 26 सितंबर : अंतिम मुकाबले और प्रतियोगिता का समापन