काशी के मानसरोवर तीर्थ क्षेत्र की धनी वीथिकाएं रविवार को सहस्त्र नाम के घोष से पावन हो गई। प्रभु श्रीराम का एक लाख तुलसी दल और 25 महिलाओं ने माता सीता का कुंमकुंमार्चन किया। श्रीरामतारक आंध्रा आश्रम की अंगनाई में चल रहे श्रीराम साम्राज्य पट्टाभिषेक महोत्स में रविवार को दक्षिण भारत से आए वैदिक विद्वानों ने श्रीराम सहस्त्रनाम के एक लाख मंत्रों के जप सहित लक्ष तुलसी दल से श्रीराम प्रभु का हरियाली शृंगार किया। महिलाओं ने देवी सीता को कुमकुम अर्पित कर उनका वंदन किया। महोत्सव के मुख्य आचार्य उलीमिरी सोमायाजुल ने बताया कि महोत्सव की पूर्णाहुति पर सोमवार को मंडप से श्रीराम पंचायतन की शोभायात्रा निकाली जाएगी। अनुष्ठान में आश्रम के मैनेजिंग ट्रस्टी वीवी सुंदर शास्त्री, रामचंद्र मूर्ति, अंजनेय मूर्ति, चेनुलु, मार्कण्डेय शास्त्री, धवल रानी, रमा देवी, रुक्मिणी, वेमुरी उमा, वेमुरी धारणिया आदि रहीं।