नमामि गंगे ने घाट पर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प।
- फोटो : संवाद
वहीं, विश्व नदी दिवस और विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर नमामि गंगे की ओर से नमो घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। गंगा तट की सफाई कर लोगों को नदी संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने लोगों को गंगा निर्मलीकरण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नदियां स्वच्छ होंगी तो पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। स्वच्छ नदियां पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देती हैं।
उन्होंने कहा कि गंगा भारत की सांस्कृतिक धरोहर और सभ्यता का प्रतीक है। गंगा के बिना भारतीय सभ्यता और पर्यटन की कल्पना अधूरी है। उन्होंने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की कि गंगा में यात्रा या तीर्थाटन के दौरान किसी प्रकार का कूड़ा-कचरा न डालें और जिम्मेदार पर्यटक की भूमिका निभाएं। आयोजन में अविनाश तिवारी, रुचि पाठक, गोल्डी पाठक, अविनाश पाठक, विशाल भारद्वाज समेत बड़ी संख्या में पर्यटक और स्वयंसेवक शामिल हुए।
समारोह में अतिथियों के साथ कार्यकर्ता।
- फोटो : संवाद
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) और टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन (टीडब्ल्यूए) ने विश्व पर्यटन दिवस पर नदेसर स्थित एक होटल में पर्यटन के वैश्विक विस्तार और एआई पर मंथन किया। इसमें पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति बिहारी लाल शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एआई पर पूरी निर्भरता उचित नहीं है। आज का एआई भविष्य की मानव संवेदनहीनता का कारण न बने। काशी का पर्यटन यहां की आत्मा है। एआई का उपयोग केवल पर्यटन सहयोगी के रूप में होना चाहिए, स्वामी के रूप में नहीं।
आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने पर्यटन उद्योग के विस्तार और पर्यटकों के सुव्यवस्थित आवागमन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि काशी आ रहे पर्यटकों की संख्या को अब सतत बनाए रखने की आवश्यकता है। टीडब्ल्यूए अध्यक्ष राहुल मेहता ने बताया कि काशी में पर्यटन की धारा अनादि काल से अविरल बह रही है।
आज इस प्रवाह को एआई की दिशा में डिजिटल काशी, ग्लोबल काशी के लिए कार्य करना है। भारत पर्यटन के सहायक निदेशक अमित गुप्ता ने कहा कि पर्यटन विभाग वाराणसी को केंद्र में रखकर कई बैठकें कर रहा है। इन बैठकों में एआई का उपयोग कर पर्यटकों के अनुभवों को बेहतर बनाने पर विचार किया जा रहा है। राहुल मेहता ने टीडब्ल्यूए टूरिज्म कैलेंडर ऑफ उत्तर प्रदेश के छठे संस्करण जारी करने की जानकारी दी।
पर्यटकों को माला पहनाकर किया स्वागत
विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर काशी में विभिन्न स्थानों पर देशी-विदेशी पर्यटकों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। विभिन्न गाइड एसोसिएशनों और पर्यटन विभाग ने अतिथि देवो भवः की भावना को चरितार्थ किया। पर्यटन विभाग की ओर से वाराणसी एयरपोर्ट, सारनाथ में पुरातात्विक संग्रहालय के समीप सारनाथ टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन, गोदौलिया व दशाश्वमेध क्षेत्र में अप्रूव्ड टूरिस्ट गाइड की ओर से अमेरिका, जापान, जर्मनी, स्पेन, इजराइल और आयरलैंड सहित कई देशों से आए पर्यटकों को चंदन-तिलक लगाकर तथा तुलसी की माला पहनाकर भारतीय परंपरा के अनुरूप अभिनंदन किया गया।
हेरिटेज वॉक, दीपदान और पदयात्रा से गूंजा अतिथि देवो भवः
जिले में विश्व पर्यटन दिवस रविवार को अत्यंत उत्साह के साथ मनाया गया। पर्यटन से जुड़े उद्यमियों ने सरकारी विभागों के साथ मिलकर विभिन्न आयोजन किए। इस दौरान हेरिटेज वॉक, रैली, दीपदान, संगोष्ठी समेत कई आयोजन हुए, जिसमें काशी में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और उन्हें सुखद अनुभूति देने पर मंथन हुआ। वाराणसी टूरिज्म गिल्ड (वीटीजी) द्वारा सप्ताह भर से आयोजित किए जा रहे पर्यटन सप्ताह का शनिवार को जागरूकता पदयात्रा के साथ समापन हुआ।
बीएचयू में एआई, तकनीक और कल्चरल वॉक रही थीम
बीएचयू के मुंशी प्रेमचंद सभागार में विश्व पर्यटन दिवस समारोह मनाया गया। पर्यटन एवं आतिथ्य अध्ययन केंद्र की ओर से हुए कार्यक्रम में एआई के इस्तेमाल, तकनीक का एकीकरण और संस्कृति की विविधता दिखाई गई। 25 सितंबर का हेरिटेज वॉक के साथ शुरू हुआ समारोह रविवार को ‘कल्चरल वॉक’ पर समाप्त हुआ।