गाजीपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को विभिन्न लाभकारी योजनाओं से लाभान्वित कराने विषक कार्यशाला का आयोजन सदर विकासखंड में किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि गाजीपुर वॉल हैंगिंग के लिए जाना जाता है। इसे और तेजी से आगे बढ़ाने का कार्य किया जाए, ताकि जिले का प्रदेश, देश एवं विश्व में नाम हो। महिलाएं आपस में एक-दूसरे की सहायता कर स्वयं और अपने परिवार को सशक्त बनाएं।
जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को निर्देश दिया कि वह अंत्योदय कार्ड धारक में जितनी भी महिला हैं उन्हें स्वयं सहायता समूह से जोड़ें। स्वयं सहायता समूह की तरफ से बनाया सामान विक्रय करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से एक अच्छा प्लेटफॉर्म दिया जाए। सब लखपति दीदी बनें, गरीबी में कोई नहीं रहना चाहता लेकिन इससे निकलने के लिए मेहनत करनी पड़ेगी जिला प्रशासन आपके साथ खड़ा है। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी से कहा कि ब्लॉक में जितने भी विधवा और निराश्रित महिला हैं उन्हें चिह्नित करके हर योजना का लाभ दिया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, तहसीलदार सदर, खंड विकास अधिकारी सदर, एलडीएम एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।