वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चितईपुर चौराहे पर ज्वेलरी की दुकान में ग्राहक बनकर आई 4 से 5 महिलाओं ने खरीदारी के बहाने पांच लाख के सोने के गहने चोरी कर लिए। घटना का खुलासा दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज देखने पर हुआ। दुकानदार की तहरीर पर मंडुवाडीह पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि भीखारीपुर कला निवासी और सर्राफा व्यापारी अमरदीप वर्मा की दुकान पर रविवार शाम 6 बजे चार से पांच महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं। महिलाओं ने कई आभूषण देखे और करीब दो हजार रुपये का सामान खरीदा। दुकानदार के अनुसार, जब बिल बनाने के लिए महिलाओं से उनका नाम और मोबाइल नंबर पूछा गया तो वे टालमटोल करने लगीं। इसी दौरान, सामान दिखाने में व्यस्त होने का फायदा उठाकर एक महिला ने काउंटर के बॉक्स में रखा लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने के गहनों का डिब्बा चुपके से उठा लिया और अपने साथियों के साथ दुकान से निकल गई। महिलाओं के जाने के बाद दुकानदार को संदेह हुआ तो उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। ब्यूरो