उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सराय रुस्तम गांव में रविवार दोपहर पुलिस ने धर्मांतरण रोक दिया और धार्मिक पुस्तकें कब्जे में ले लीं। साथ ही एक पादरी को हिरासत में ले लिया। इस पर वहां जुटीं सैकड़ों महिलाओं ने विरोध किया और पुलिस से भिड़ गईं। हंगामा बढ़ता देखकर कई थानों की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी।
मुंगराबादशाहपुर कस्बे के निकट सराय रुस्तम गांव निवासी ओमप्रकाश के दालान में रविवार को धर्मांतरण कराया जा रहा था, जहां सैकड़ों की संख्या में महिला अनुयायी जुटी हुई थीं। इसकी जानकारी विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी शीतला प्रसाद मिश्र, सुभाष पांडेय व सुशील मिश्र ने पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष शशि भूषण राय ने धर्मांतरण को बंद करा दिया। वहां मौजूद धार्मिक पुस्तकों को अपने कब्जे में ले लिया। धर्मांतरण करा रहे पादरी आशापुर निवासी निर्मल कुमार को हिरासत में ले लिया। इस पर वहां जुटी अनुयायी महिलाओं ने विरोध किया और पुलिस से भिड़ गईं।