अखरी चौकी के लठियां स्थित पुल के पास देवनाथ बिंद के कटरे में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त देल्हना गांव निवासी मुरारी (18) के रूप में की। परिजनों ने जहर देकर मुरारी की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के देल्हना निवासी नंदलाल का पुत्र मुरारी (18) रविवार रात में घर से बारात के लिए निकला था। पिता ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि रात में गांव का ही एक युवक पूछते हुए आया था। इसके बाद कोई जानकारी उसकी नहीं मिली। सुबह लठियां स्थित पुल के पास देवनाथ बिंद के कटरे में शव पड़ा हुआ था और पास में ही बाइक पड़ी हुई थी।
सुबह कटरे पर पहुंचे दुकानदार पिंटू शर्मा ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि शराब में जहर पिलाकर मुरारी की हत्या की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि शव से शराब की दुर्गंध आ रही थी। रोहनियां थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। मुरारी पांच भाइयों में सबसे छोटा था।