वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों का विरोध करना एक युवती को भारी पड़ गया। युवती का आरोप है कि पड़ोसियों ने उसके घर के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़कर चोरी कर लिया, दरवाजा पीटते हुए अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देख सिगरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि थाना क्षेत्र निवासी आयुषी जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, रविवार रात दर्षित गुप्ता, राहुल, प्रतीक और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने उसके घर के बाहर लगा सीसीटीवी तोड़ कर चुरा लिया। आयुषी ने आरोप लगाया कि कैमरा चोरी करने के बाद आरोपी उसके घर का दरवाजा पीटने लगे। इस दौरान उन्होंने भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पहले भी इन्हीं आरोपियों के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपियों के फ्लैट पर छापा मारा था, जहां कथित तौर पर सेक्स रैकेट संचालित होने की जानकारी मिली थी। उसी शिकायत से नाराज होकर आरोपी लगातार उससे अभद्र व्यवहार कर रहे हैं और आए दिन डराने-धमकाने का प्रयास करते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर तीन आरोपियों दर्षित गुप्ता, राहुल, प्रतीक के खिलाफ नामजद व दो अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद