वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के गांव में गोमती नदी के किनारे रविवार की रात एक महिला बेहोश पड़ी मिली। महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका जताते हुए उसे उपचार के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव के ग्रामीणों ने गोमती नदी के किनारे एक महिला को बेहोश पड़े देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस आई और महिला के मुंह पर पानी छिड़का गया तो वह होश में आई। हालांकि जब उससे पूछताछ की गई, तो वह किसी भी तरह की पहचान जाहिर न कर पाने की स्थिति में बदहवास दिखी। आनन-फानन में महिला को चोलापुर सीएचसी ले जाया गया, जहां दुष्कर्म की आशंका के आधार पर डॉक्टरों ने उसे जिला महिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
इस संबंध में अजगरा चौकी प्रभारी ने बताया कि महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष है। महिला अस्पताल के चिकित्सकों की रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होगी तो उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।