उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के अधिकारियों के आवास पर तैनात सुरक्षाकर्मी कितनी सतर्कता से ड्यूटी करते हैं, इसका उदाहरण जिलाधिकारी आवास पर देखने को मिला। बता दें कि बलिया की डीएम अदिति सिंह हैं। एक महिला स्वयं को अदिति सिंह बताकर डीएम आवास में घुस गई। यही नहीं डीएम तक पहुंच भी गई। डीएम ने कोतवाली से महिला पुलिस को बुलाकर उसे हिरासत में भेज दिया। डीएम की सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मियों की कोताही से उन पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के काजीपुरा मोहल्ला निवासी महिला मुंह बांधे हुए बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी आवास के मुख्य गेट पर पहुंची। सुरक्षा ड्यूटी में लगे कर्मियों ने महिला से पूछताछ की तो महिला ने अपना परिचय अदिति सिंह के रूप में दिया। सुरक्षाकर्मियों ने उसे अंदर जाने दिया। इसके बाद आवास के बाहर सुरक्षा में लगे सुरक्षाकर्मियों ने पूछताछ किया तो पुनः महिला ने अपना नाम अदिति सिंह बताया।
सुरक्षाकर्मियों ने जाने दिया। किसी ने अंदर जाकर यह नहीं देखा कि डीएम अंदर हैं या नहीं। अंततः महिला डीएम तक पहुंच गई। इसके बाद डीएम ने सुरक्षा में लगे कर्मियों को फटकार लगाई और कोतवाली पुलिस को बुलाकर महिला को हिरासत में भेज दिया। इस बाबत एसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि सुरक्षा में लापरवाही हुई है। इसलिए ड्यूटी में लगे कर्मियों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। उधर होमगार्ड के जिला कमांडेंट अनिल यादव ने बताया की मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो ड्यूटी में तैनात कर्मियों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।