मऊ जिले के दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के भूपतनगर बरलाई गांव में रविवार की सुबह लगभग आठ बजे सास के डांटने पर महिला ने छह माह के बेटे, ढाई साल की बेटी के साथ सल्फास खाकर जान दे दी। मायके वालों की तहरीर पर पति, सास-ससुर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है।
दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के भूपतनगर बरलाई गांव निवासी संतोष ऑटो चालक है। थानाध्यक्ष दक्षिणटोला परमानंद मिश्र के अनुसार संतोष का पत्नी अनामिका (25) से अक्सर विवाद होता था। रविवार सुबह भी विवाद हुआ। इसके बाद संतोष ऑटो लेकर गया। इसके बाद सास ने झगड़े को लेकर अनामिका को खूब डांटा।
सास से डांट खाने के बाद अनामिका छह माह के बेटे और ढाई साल की पुत्री अंशिका को लेकर अपने कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर बच्चों को सल्फास खिलाने के बाद खुद भी खा लिया। इससे तीनों की हालत बिगड़ गई। परिवार के सदस्यों को कुछ शक हुआ तो उन्हाेंने दरवाजा पीटा, लेकिन नहीं खुला। दरवाजा तोड़ा गया तो तीनों कमरे में जमीन पर तड़प रहे थे।
परिजनों ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान पहले छह माह के बच्चे, फिर महिला और उसके बाद शाम को अंशिका की मौत हो गई। भाई राम प्रकाश निवासी बैजापुर की तहरीर पर अनामिका के पति संतोष, ससुर बृजेश और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। थानाध्यक्ष दक्षिणटोला परमानंद मिश्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।