मऊ जिले के कंधेरी गांव की सरोजा (35) पत्नी स्व. हाफिज ने अपने तीन बच्चों को पानी में कीटनाशक मिलाकर पिला दिया। जबकि चौथा बच्चा वहां से भाग गया। इसके बाद महिला ने खुद भी कीटनाशक पी लिया।
सरायलखंसी थाना क्षेत्र के कंधेरी गांव में शुक्रवार की सुबह एक महिला ने अपने तीन बच्चों को कीटनाशक पिलाकर खुद भी पी लिया। जानकारी होने पर परिवार के सदस्यों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। महिला के अनुसार, उसने आर्थिक तंगी के कारण यह कदम उठाया है।
विज्ञापन
कंधेरी गांव की सरोजा (35) पत्नी स्व. हाफिज ने छह वर्षीय पुत्र करिया, तीन वर्षीय पुत्र मोनू तथा डेढ़ वर्षीय नेहा को पानी में कीटनाशक मिलाकर पिला दिया। जबकि चौथा बच्चा वहां से भाग गया। इसके बाद महिला ने खुद भी कीटनाशक पी लिया।
सरोजा के ससुर छटंकी ने बताया कि उनके पुत्र हाफिज की तीन माह पूर्व गाजीपुर में दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह मजदूरी कर परिवार का पेट भरता था। शुक्रवार की सुबह उन्हें पता चला कि सरोजा ने खुद के साथ बच्चों को भी जहर पिला दिया है। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोनू और सरोजा की हालत गंभीर थी, लेकिन शाम तक सुधार हो गया। सरोजा ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण बच्चों का पालन पोषण मुश्किल हो गया है। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया।