वाराणसी। कबीरचौरा में एसबीआई के एटीएम में कार्ड फंसने के बाद एक व्यक्ति के खाते से 36,400 रुपये की निकासी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चौक थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। गायघाट निवासी सिंधु वर्मा के अनुसार, 13 जून 2026 की सुबह 8.10 बजे वह कबीरचौरा के एसबीआई एटीएम से एक हजार रुपये निकालने गए थे। उनका कार्ड मशीन में फंस गया। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें एटीएम पर लिखे एक मोबाइल नंबर पर कॉल करने की सलाह दी। पीड़ित ने उसे बैंक का हेल्पलाइन नंबर समझकर संपर्क किया। आरोप है कि फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने उन्हें बातों में उलझाकर सुरक्षा गार्ड को बुलाने के लिए कहा और एटीएम कार्ड मशीन में ही छोड़कर जाने की सलाह दी। जब वह वापस लौटे तो कार्ड गायब था। बाद में जानकारी मिली कि उनके खाते से 36,400 रुपये निकाल लिए गए। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया जांच की जा रही है। संवाद