दो साल पहले खनन अधिकारी पर हुआ था जानलेवा हमला, चौबेपुर में भी खनन करने वालों ने धमकाया था
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर में खनन प्रकरण में दर्ज प्राथमिकी के बाद पुलिस की दो टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पूर्व में हुई गिरफ्तारियों के बाद भी खनन का मामला सामने आया और पुलिस को भनक तक नहीं लगती। जबकि थाना क्षेत्र के पांच पुलिस चौकी अजगरा, दानगंज, गोसाईपुर, चंदापुर और मुर्दहा से होकर खनन में लगी ट्रैक्टरें गुजरती हैं। हाल ही में पांडेयपुर में मिट्टी खनन के नाम पर वसूली करते मिले एक सिपाही को लाइन हाजिर किया था। ये तब है जब खनन करने वालों पर नकेल कसने का निर्देश दिया गया है। रात 11 से भोर में 4 बजे तक ओवरलोड वाहन फर्राटा भरते हैं।
चोलापुर, चौबेपुर, फूलपुर और रामनगर में खनन और ओवरलोडिंग वाहनों का खेल सबसे ज्यादा होता है। पकड़ में ना आए इस लिए ट्रैक्टर या छोटे ट्रकों व जेसीबी पर नंबर प्लेट तक नहीं होती। एक दिन पहले बुधवार को खनन अधिकारी अनुज कुमार को गोसाईपुर मोहांव में अवैध मिट्टी खनन की गुप्त शिकायत मिली थी। सूचना के आधार पर जब वे होमगार्ड के साथ मौके पर पहुंचे, तो वहां अवैध खनन में लिप्त एक जेसीबी और दो ट्रैक्टरों को रंगे हाथ पकड़ा गया। खनन अधिकारी जब इन वाहनों को जब्त कर चोलापुर थाने ले जाने लगे तो 20 की संख्या में आरोपियों ने खनन अधिकारी के वाहन को घेर लिया। धमकी देते हुए वे पकड़े गए जेसीबी और ट्रैक्टरों को जबरन छुड़ा ले गए। 19 जून 2024 को जिला खनन अधिकारी दिनेश मोदी और उनकी टीम पर रौना कला गांव में जानलेवा हमला हुआ था। एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि गोसाईपुर मोहांव की ताजा घटना में चोलापुर थाने में दर्ज प्राथमिकी के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।