बनारस क्लब के मामले को लेकर गुरुवार को बनारस बार एसोसिएशन के सभागार में अधिवक्ताओं और नेताओं की सर्वदलीय बैठक हुई। भाजपा, कांग्रेस और सपा नेताओं ने क्लब के कब्जे की सरकारी जमीन पर कचहरी परिसर के विस्तार की अधिवक्ताओं की मांग का पूरा समर्थन किया। कहा, इसके लिए सड़क से विधानसभा तक संघर्ष किया जाएगा। तय हुआ कि जल्द ही सपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल के साथ अधिवक्ताओें का प्रतिनिधिमंडल सीएम अखिलेश यादव से मिलेगा।
बैठक में भाजपा विधायक ज्योत्सना श्रीवास्तव, पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा मौजूद रहे। कांग्रेस विधायक अजय राय ने अपना लिखित समर्थन भेजा। नेताओं का कहना था कि क्लब जिस सरकारी जमीन पर काबिज है, उस पर न्यायिक भवन, अधिवक्ताओं के चैंबर, वादकारियों के बैठने के लिए स्थान, बंदियों के लिए लॉकअप और पार्किंग बनाया जाना जनहित में होगा। इस बीच घोषणा की गई कि यदि हफ्ते भर में मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो पांच अक्तूबर से बनारस बार के महामंत्री नित्यानंद राय के नेतृत्व में रोजाना बनारस क्लब के गेट पर दो घंटे क्रमिक अनशन किया जाएगा।
अध्यक्षता बार अध्यक्ष अनूप कुमार श्रीवास्तव और संचालन महामंत्री नित्यानंद राय ने किया। इस दौरान यूपी बार कौंसिल के सदस्य अरुण कुमार त्रिपाठी, भाजपा नेता जयनाथ मिश्र, लोक गठबंधन पार्टी के जिला समन्वयक घनश्याम सिंह, सेंट्रल बार के पूर्व अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव, मानबहादुर सिंह, अरविंद राय, दिवाकर दूबे, बटुक नाथ मौर्य, अभयनाथ यादव, विनोद सिंह, श्रीनिवास मिश्र, रजनीश मिश्र, ओम शंकर श्रीवास्तव, नूर फातिमा, अखिलेश यादव, उमाकांत यादव, श्यामसुंदर त्रिपाठी, शशांक शेखर त्रिपाठी, ओपी पांडेय मौजूद थे।