भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने कहा कि छोटे शहरों में असीम प्रतिभाएं हैं मगर संसाधन और सुविधाएं कम होने की वजह से उन्हें मौका नहीं मिल पा रहा है।
गंभीर ने कहा कि आईपीएल जैसे क्रिकेट के फॉर्मेट से उदीयमान खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिल रहा है। पड़ाव स्थित जयपुरिया स्कूल में क्रिकेट अकादमी का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में गंभीर ने कहा कि वे खुद आईपीएल के प्रदर्शन के आधार पर टीम इंडिया में वापसी के लिए प्रयासरत हैं।
अकादमी का उद्घाटन करने के बाद गौतम गंभीर ने खुली परिचर्चा में बच्चों के सवालों का जवाब दिया। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि छोटे-छोटे शहरों से भी क्रिकेटर निकल रहे हैं।
जरूरत है उन्हें मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाए। भारतीय टीम के वर्तमान प्रदर्शन के बारे में गंभीर ने कहा कि हम बढ़िया खेल रहे हैं।
जहां तक आईपीएल में प्रदर्शन की बात है तो 20 ओवर के मैच में कभी भी कुछ भी हो सकता है। कहा कि बनारस सहित अन्य शहरों में स्पोर्ट्स कॉलेज बहुत जरूरी है। इस तरह की सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही युवा क्रिकेटरों को आगे लाने की जरूरत है।
टीम में वापसी के सवाल पर गंभीर ने कहा कि आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को दुबारा वापसी के लिए विवश कर दूंगा।
इस दौरान छात्रों संग क्रिकेट खेलकर क्रिकेट एकेडमी का उद्घाटन करने के बाद गंभीर ने विद्यालय के पहले वार्षिकोत्सव ‘सृजन’ में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति कर बच्चों ने वाहवाही बटोरी। इससे पूर्व जयपुरिया ग्रुप के वाईस चेयरमैन श्रीवत्स जयुपरिया, स्कूल के चेयरमैन दीपक बजाज, निदेशक मनोज बजाज, मंजू बुद्धिया आदि ने गंभीर का स्वागत किया।
कार्यक्रम में महापौर रामगोपाल मोहले, आईजी एसके भगत, आयकर के प्रिंसिपल कमिश्नर वीके तिवारी, संजय अग्रवाल, सुनील सचदेवा, गौरव अग्रवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।