मृतका के पिता तसौव्वर अंसारी ने 13 नवंबर को गहमर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी रिजवाना की शादी बिहार के सोनपा गांव निवासी अयूब अंसारी से हुई थी। आरोप है कि अयूब ने ही 11 नवंबर को उनकी बेटी की हत्या कर शव सड़क किनारे खाई में फेंक दिया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी।
शनिवार सुबह पुलिस को आरोपी के बरेजी चौराहे पर मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सुबह 11:10 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर का टुकड़ा बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपी का सफेद शर्ट, काला पैंट, गमछा, प्लास्टिक का झोला और एक साइकिल भी बरामद हुई है।
कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि महिला की हत्या के मामले में उसके पति अयूब अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।