वाराणसी के सेवापुरी क्षेत्र के सतनपुर गांव में एक विवाहिता ने फंदे पर लटकी मिली। परिवार के लोग अंत्येष्टि के लिए जा रहे थे, लेकिन जंसा थाने की पुलिस ने हरहुआ के पास शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में मधु गुप्ता (32) सोमवार को साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटक गई।
घटना के समय पति चंदन अपनी दुकान के लिए फल और सब्जी लेने बाबतपुर गया था। लौटने पर दुकान लगाने के लिए तैयार हुआ और पत्नी को आवाज दी पर कोई जवाब नहीं मिला। अंदर गया तो पत्नी को लटका देख सन्न रह गया।
पिता बिजयी गुप्ता को बुलाकर शव को नीचे उतारा। घटना की जानकारी जौनपुर के मड़ियाहूं थाना के सुरौना निवासी मधु के मायकेवालों को दी। जिस पर मधु का भाई सनी, भाभी और मां सीता देवी आए। दोनों पक्ष देर रात पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव की अंत्येष्टि करने जा रहे थे। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सनी के अनुसार उसकी बहन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह तीन पुत्रों की मां थी। कुछ दिन पहले भी मधु ने फांसी लगाने का प्रयास किया था।