बीएचयू में वसंत पंचमी पर सरस्वती पूजन के नाम पर विश्वनाथ मंदिर के गेट के पास 15 दुकानदारों से 11 हजार रुपये चंदा मांगने का मामला सामने आया है। विरोध में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। साथ ही चंदा नहीं देने पर मारपीट की धमकी देने का आरोप लगाया। दुकानदारों ने चीफ प्रॉक्टर प्रो. शिवप्रकाश सिंह से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। चीफ प्रॉक्टर ने सुरक्षाकर्मियों को अलर्ट कर दिया है। साथ ही सोमवार को एक मीटिंग भी बुलाई है। छात्रावासों से जुड़े अधिकारी, छात्र अधिष्ठाता, कुलसचिव मौजूद रहेंगे। बीएचयू के छात्र अधिष्ठाता प्रो. एके नेमा का कहना है कि जिस हॉस्टल में सरस्वती प्रतिमाएं स्थापित होती हैं, उन्हें विश्वविद्यालय के नियमानुसार आयोजन के लिए सात हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके बाद भी छात्र चंदा मांग रहे हैं, तो गलत है।