संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जामुराद। बेनीपुर के लाइनमैन फयाराम राजभर की हत्या के मामले में ग्राम प्रधान समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को मेंहदीगंज के यात्री बस स्टैंड से गिरफ्तार किया।
आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब पीने के विवाद में ही फयाराम की लाठी से पिटाई की गई और फिर उसे कुएं में फेंक दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुंडारिया का ग्राम प्रधान मोहित सिंह, बधई सिंह और रहीस खान शामिल हैं। आरोपी बिजली मिस्त्री रहीस खान ने पुलिस को बताया कि 25 अप्रैल की शाम फयाराम राजभर रास्ते में मिला और फिर दोनों ने शराब पीने की योजना बनाई। शराब पीने के दौरान फयाराम गालीगलौज करने लगा।
इस बीच गुस्से में आकर पास में पड़ी लाठी से उसके सिर पर मारा तो वह अचेत हो गया। डर के कारण उसे कुएं में फेंककर भाग निकला। 25 अप्रैल की शाम से गायब फयाराम का शव घर से एक किसी दूर कुंडरिया गांव के कुएं से चार दिन बाद बरामद हुआ था। परिजनों की तहरीर पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की थी। 500 मीटर तक रहीस खान के घर के आसपास डॉग स्क्वायड ने चक्कर काटा था। पत्नी बचनी देवी की तहरीर पर पुलिस ने कुंडरिया गांव निवासी रहीस खान, ग्राम प्रधान मोहित सिंह, बधई सिंह समेत चार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।