वाराणसी। अगर आपके व्हाट्स एप पर किसी अपरिचित युवती का मैसेज या वीडियो काल आए तो सतर्क हो जाएं। अपरिचित युवतियों से चैटिंग या वीडियो कॉल के जरिये बात करना महंगा साबित हो सकता है। वीडियो कॉल पर निर्वस्त्र होकर साइबर जालसाज युवतियां स्क्रीन रिकॉर्डिंग या स्क्रीन शॉट को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देती हैं। इसके बाद वायरल करने से रोकने के लिए अपने खाते में रकम मंगवाती हैं। इतना ही नहीं, यह जालसाज वीडियो कॉल पर बात करने वाले व्यक्ति की फोटो को मॉर्फ कर उसको भी निर्वस्त्र कर सकते में डाल दे रही हैं।
हाल के दिनों में अलग-अलग जिलों में पुलिस के पास आई शिकायतों के अनुसार साइबर जालसाज युवतियां पहले व्हाट्स एप पर हाय लिख कर भेजती हैं। खूबसूरत युवती का प्रोफाइल फोटो देखते ही ज्यादातर लोग मैसेज का जवाब देने में भी देरी नहीं करते हैं। जवाब मिलते ही जालसाज युवतियां सक्रिय हो जाती हैं, और अश्लील बातें कर जवाब देने वाले को धीरे-धीरे अपनी गिरफ्त में लेना शुरू कर देती हैं। टेक्स्ट मैसेज करने के बाद वीडियो कॉल कर बात करने लगती हैं।
इन जालसाज युवतियों के चंगुल में फंसा व्यक्ति लोकलाज के डर से और अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के लिए बिना किसी से बताए पैसा भी भेज देता है। यहां तक कि एकमुश्त पैसा न दे पाने की स्थिति में लोग किश्त में भी रकम जालसाजों के खाते में डालते हैं। साइबर क्राइम एक्सपर्ट विजय श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे में अनजान युवती का व्हाट्स एप मैसेज या वीडियो कॉल आए तो सतर्क हो जाएं। अन्यथा की स्थिति में आप को तगड़ी चपत लगने से कोई बचा नहीं पाएगा।