तीन दिन से पछुवा हवा चलने के बाद बुधवार से मौसम का मिजाज बदला-बदला रहा। लगातार दूसरे दिन दिन में बादलों की लुकाछिपी जारी रही तो शाम को घना कोहरा भी छा गया, इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बृहस्पतिवार से मौसम का मिजाज बदलेगा और वाम्रफंट की वजह से बूंदाबांदी के भी आसार हैं।
मकर संक्रांति की सुबह लगा कि धूप होगी लेकिन आसमान में बादल छाए रहने की वजह से धूप तो नहीं हुई लेकिन हवा चलने की वजह से ठंड अधिक रही। इधर शाम होते ही शहरी और ग्रामीण इलाकों में कोहरा भी छाने लगा। इस बीच तापमान में तो कोई बदलाव नहीं हुआ लेकिन धूप न निकलने से मंगलवार की तुलना में बुधवार को गलन भी अधिक रही। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि 16 जनवरी से 20 जनवरी के बीच वाराणसी और आसपास के जिलों में बूंदाबांदी की आशंका है। इस वजह से तापमान में भी कमी आएगी।