वाराणसी समेत आसपास के जिलों में सोमवार सुबह की शुरुआत नम हवाओं से हुई। धूप निकलने के बाद गर्मी का अहसास होने लगा। मॉनसून की बेरुखी से सितंबर में जून सरीखा मौसम है। तीखी धूप और हवा की मंद गति के चलते उमस भरी गर्मी से परेशानी बढ़ गई है। लोगों को झमाझम बारिश का इंतजार है।
रविवार को पारा 35.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही सामान्य से अधिक है। हालांकि रविवार को दिनभर बादलों की आवाजाही जारी रही। देर शाम तक लोग बारिश की संभावना जताते रहे। लेकिन बारिश नहीं हुई।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर सिस्टम बरकरार है। इस वजह से मंगलवार तक मौसम में परिवर्तन के आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक इस बीच तेज हवा के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।