दिन में तेज धूप हो रही है तो रात में सिहरन महसूस होने लगी है। मौसम में इस बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने लगा है। जिले के अस्पतालों में पिछले एक सप्ताह से ओपीडी का आंकड़ा भी एक हजार के पार पहुंच गया है। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में पहले 1000 तक मरीज पहुंचते थे। अब यह 1200 से 1300 मरीज तक हो गई है। इसमें बुखार के साथ ही पेट संबंधी बीमारी के मरीज भी बढ़े हैं। गुरुवार को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा, दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के साथ ही शास्त्री अस्पताल रामनगर में भी ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। मरीजों की भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पैथालॉजी में लोगों को जांच के लिए इंतजार करना पड़ा।
-शरीर में पानी की मात्रा कम न होने दें।
-तेज धूप के बाद घर आने पर तुरंत पानी पीने से बचे।
-खुले में बिकने वाले सामानों को खाने से परहेज करें।
-मौसमी फल और सब्जी का सेवन करें।
-तीन दिन से अधिक बुखार होने पर डॉक्टर को जरूर दिखाएं।
-बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा न लें।