वाराणसी में पिछले सप्ताह नम हवाओं के चलने के बाद तेज धूप, तापमान में उतार चढ़ाव के बाद एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। जम्मू कश्मीर में उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलने की वजह से इस सप्ताह वाराणसी समेत आसपास इलाके में बूंदाबांदी के आसार हैं। इसके अलावा तापमान पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है। सोमवार की सुबह भी कुछ इसी तरह से शुरू हुई है। हल्के बादल और पिछले दिनों के मुकाबले कम गर्मी दिख रही है।
विज्ञापन
रविवार को भी सुबह से लेकर दिन भर बादलों की आवाजाही रही जबकि दोपहर में शहर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मार्च में दिन में धूप तेज हो रही है तो रात में भी तापमान अधिक रहने की वजह से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है।
रविवार को सुबह धूप तो हुई, लेकिन दिन में बादलों की आवाजाही जारी होने से लगा कि बारिश होगी लेकिन दोपहर बाद तीन बजे के करीब बूंदाबांदी जरूर हुई। इस बीच शनिवार की तुलना में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की कमी भी दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि रविवार को 35.9 और न्यूनतम तापमान 21.8 से घटकर 19.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से ही मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। इस वजह से 23 से 25 मार्च के बीच नम हवा के साथ बूंदाबांदी की संभावना भी बनी है।