प्रशांत महासागर की ठंडी जलधारा ला नीना की वजह से इस दिसंबर में बनारस हर बार से ज्यादा ठिठुरेगा। धुंध और ओस पड़ने के बाद शुक्रवार से गलन भी शुरू हो गई। अधिकतम और न्यूनतम तापमान इस सीजन में सबसे कम रिकॉर्ड किया गया। धूप नहीं हुई और दोपहर के बाद ही ठंड बढ़ने लगी। शाम छह बजते ही तापमान 20 डिग्री तक आ गया।
बीते शुक्रवार को इस सीजन में पहली बार दिन का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे नीचे आ गया जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम है। इसी वजह से गलन बढ़ी है। दोपहर में ही 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सर्द हवाएं चलीं। रात 10 बजे तक गलन और बढ़ गई। तापमान में और गिरावट हुई तो अगले सप्ताह तक घना कोहरा छाने की संभावना है।
वातावरण में नमी भी बढ़ गई है। सुबह नमी 95 फीसदी रिकॉर्ड की गई थी। इससे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास की दृश्यता पहली बार 500 मीटर हो गई। नमी कम रहने पर दृश्यता एक हजार से दो हजार मीटर रहती है। इसी तरह रात 11 बजे तक वातावरण की नमी 75 फीसदी हो गई।