Varanasi Weather: दिन भर की चुभती जलती गर्मी के बाद रात में बारिश ने थोड़ी राहत दे दी। रात 10.30 बजे बिजली चमकने और बादलों गरजने संग बारिश शुरू हो गई। लंका सामनेघाट, शिवपुर, हरहुआ, सुंदरपुर, सरायनंदन नेवादा, भिखारीपुर में तेज हवा के साथ बारिश ने तापमान को 4 डिग्री गिरा दिया, हालांकि कुछ देर की बारिश के बाद दिन भर धूप में तपी जमीन से भाप जैसा निकलता कुछ महसूस हुआ। हालांकि बारिश बंद होने के बावजूद भी बादलों की गर्जना काफी देर तक नहीं रुकी।
आंधी और बारिश के चलते शहर की साफ हुई हवा ने काशी का पारा 5 डिग्री तक बढ़ा दिया है। बुधवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) सिर्फ 56 था यानी कि अच्छा 0-50 से सिर्फ 6 अंक ही दूर रहा।
काशी का वातावरण स्वच्छ होने के चलते धूप की हाई फ्रिक्वेंसी किरणें शरीर पर सीधे चुभने और जलने जैसा एहसास करा रहीं हैं। बुधवार को ऐसा लगा कि पूरे दोपहर भर सड़क से आंच निकली।
19 किलोमीटर प्रति घंटे से बही हवा भी ब्लोअर की तरह से लगी। बनारस में चिलचिलाती धूप ने तपिश बढ़ाई तो गंगा घाट और बोटिंग में फिर से सन्नाटा छाने लगा है। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक कम ही सैलानी दिखते हैं। बनारस में बुधवार को एक ही दिन में अधिकतम पारा भी 4-5 डिग्री तक चढ़ गया।
शहर का तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम 24.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। यानी कि दिन और रात दोनों वक्त का तापमान ऊपर आ चुका है। हालांकि मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बनारस में अगले दो दिनों तक आंधी और बारिश का अनुमान लगाया गया है।