वाराणसी। दो-तीन दिनों से लगातार सूरज की तल्खी बढ़ती जा रही है। दिन में तेज धूप और हवा न चलने से लोग उमस से बेहाल हो जा रहे हैं। यही वजह है कि तापमान भी लगातार बढ़ता जा रहा है। चार दिन में छह डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ गया। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है। तापमान 40 के पार होने के बाद इस सीजन में मई महीने का सबसे गर्म दिन शुक्रवार रहा।
पिछले कई दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। 12 मई को जहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस था, वहीं 13 मई को 4 डिग्री बढ़कर 38.3 पहुंच गया, 14 मई को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की और बढ़ोतरी हुई और 39.4 डिग्री तापमान हो गया। इस बीच शुक्रवार को दिन में तेज धूप और हवा न चलने का ही असर रहा कि अधिकतम तापमान बृहस्पतिवार के 39 डिग्री के मुकाबले शुक्रवार को तापमान बढ़कर 40.2 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में अभी गर्मी और बढ़ने की संभावना है। फिलहाल बारिश होने के संभावना नहीं है।