वाराणसी। मंगलवार को दिन में तेज धूप शाम को गरज चमक के साथ हुई बारिश से किसानों की परेशानी बढ़ गई। इससे किसानों को फसल बर्बाद होने का डर बना हुआ है। रविवार आधी रात के बाद झमाझम बारिश के बाद से तापमान में भी पांच डिग्री की कमी आई थी।
मंगलवार को दिन में तेज धूप थी। शाम को अचानक तेज हवा और गरज चमक के साथ आधे घंटे की बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल गया। शहरी और ग्रामीण इलाकों में कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया। उधर ग्रामीण इलाकों में खेतों में पानी लगने से किसानों की फसल भी भीग गई। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से चल रही नम पुरवा हवाओं का दबाव पूर्वांचल पर लगातार बना हुआ है। यही वजह है कि रुक रुक कर बनारस और उसके आसपास बारिश हो रही है। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल का मौसम 1 मई तक ऐसे ही रहेगा।