भदोही में तेज धूप और गर्म मौसम के बीच बृहस्पतिवार की शाम मौसम ने करवट ली।तेज आंधी संग हुई बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर ग्रहण लगा दिया। आंधी के कारण खेतों में कटी गेहूं की फसल उड़कर तितर-बितर हो गई। इससे मड़ाई की तैयारी में जुटे किसानों की चिंता बढ़ गई है। अभी भी 70 फीसदी से अधिक फसल खेतों में पड़ी है।
भदोही में 50 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बुआई की गई है। सिंचाई, खाद सहित तमाम समस्याओं के बाद तैयार हुई फसल को किसान समेटने में जुट गए थे। करीब 10 से 15 दिनों से कटाई संग मड़ाई का काम शुरू हो गया। बुधवार दोपहर बाद से ही मौसम में बदलाव दिखने लगा, लेकिन हल्की हवाओं के साथ शांत हो गया। बृहस्पतिवार शाम को आसमान में काले बादलों की दस्तक ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी। शाम सात बजते-बजते तेज बारिश संग हवाएं चलने लगी। इससे खेतों में काटकर छोड़ी गई फसल उड़कर दूसरे के खेतों में चले गए। मड़ाई में जुटे किसानों का भूसा भी उड़ गया।
बारिश के कारण नमी होने से मड़ाई का काम भी ठप हो गया। आंधी से आम के बौर भी गिर गए। भदोही के जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि बारिश और हवा से फसलों को काफी नुकसान हुआ। अगर मौसम साफ हो जाएगा तो मड़ाई का काम दो से तीन दिनों में शुरू हो जाएगा।