उमस व भीषण गर्मी के बीच शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार व बृहस्पतिवार को भी बारिश की संभावना जताई है। ऐसा हुआ तो मौसम बदलेगा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट आएगी। दूसरी तरफ, पूर्वांचल में प्री मानसून ने दस्तक दे दिया है। मंगलवार की देर शाम जौनपुर व आजमगढ़ में बारिश हुई है।
वाराणसी के आसपास के जिलों में भी मंगलवार की देर शाम हल्की बारिश हुई है। इससे मौसम बदला है। अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे आया है। सोमवार को जो तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस था, वह मंगलवार को 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्वांचल में प्री मानसून की दस्तक हो गई है। वाराणसी में भी हल्की बूंदाबांदी हुई है। बुधवार से रूक-रूक कर बारिश हो सकती है। तापमान में भी कमी देखने को मिल सकती है।
बिजली निगम के अफसरों को भी मिलेगी राहत
मौसम बदलने का फायदा बिजली निगम के अफसरों को भी मिलेगा। सब बारिश का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि तापमान जैसे ही कम होगा, वैसे ही बिजली की मांग कम हो जाएगी। इससे बिजली कटौती, लो वोल्टेज, ट्रिपिंग की समस्या कम हो जाएगी।
इसका फायदा बिजली आपूर्ति में मिलेगा। मांग कम हो जाएगी और लो वोल्टेज की समस्या दूर हो जाएगी