रोपवे निर्माण में जमीन की अड़चन दूर की जा रही है। इसी सिलसिले में नगर निगम ने लक्सा थाने के आसपास के कुछ भवन स्वामियों को नोटिस दिया है। जमीन नजूल की बताई गई है। साथ ही रजिस्ट्री सहित अन्य दस्तावेज तलब किए गए हैं। इससे भवन स्वामी भी परेशान हैं।
नोटिस मिलने के बाद डाॅ. आरएस कुशवाहा ने बताया कि पीढि़यों से जमीन पर काबिज हैं। अब नोटिस देकर कागजात मांगे जा रहे हैं। नजूल की जमीन बताई जा रही है। वहीं, दशाश्वमेध क्षेत्र के जोनल अधिकारी संजय तिवारी ने कहा कि जिला प्रशासन से जो सूची मिली है, उसी आधार पर भवन स्वामियों को नोटिस दिया गया है। दस्तावेज मिलने के बाद रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी। वीडीए उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल ने कहा कि रोपवे निर्माण के लिए अधिकांश जमीन खरीद ली गई है। कुछ जमीन गोदौलिया से लक्सा के बीच ली जाएगी।