अमूल प्लांट के लिए आवंटित जमीन पर चल रही जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के करखियांव एग्रो पार्क के पूर्वी छोर पर यूपीएसआईडीसी के द्वारा अधिग्रहीत 30 एकड़ भूमि पर पुलिस प्रशासन के सहयोग से कब्जा लिया गया। इस दौरान विरोध कर रहे तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के निर्देश पर शनिवार सुबह नौ बजे एसडीएम पिंडरा गिरीश द्विवेदी, सीओ अभिषेक पांडेय, तहसीलदार रामनाथ, अमूल के प्रोजेक्ट मैनेजर आलोकमणि मिश्रा, अमित शुक्ला, प्रियंकर मोहंती साथ इंस्पेक्टर फूलपुर, सिंधोरा, चोलापुर, बड़ागांव, पीएसी की उपस्थिति में अमूल प्लांट के लिए आवंटित जमीन पर कब्जा करने की प्रक्रिया शुरू हुई।
इस दौरान किसानों न विरोध किया, लेकिन पुलिस-प्रशासन के सामने उनकी एक न चली। ऐसे में अब यहां अमूल का प्लांट लगने का रास्ता साफ हो गया। विरोध करने वाले भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह समेत तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं विरोध कर रहे किसानों को पुलिस ने खदेड़ा। फिर भी किसान विरोध पर अड़े रहे। सुबह से लेकर शाम तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस प्रशासन कब्जा करने की कार्रवाई में जुटा रहा।