बारिश के बाद दूसरे दिन भी शहर के कुछ इलाकों में जलभराव की समस्या बनी रही। कई जगहों पर सड़कें भी धंसी। जलभराव को देखते हुए नगर निगम ने शुक्रवार को व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए मशीनरी लगा दी है। इसके बावजूद अभी तक राहत नहीं मिली।
मलदहिया और दुर्गाकुंड इलाके में अब भी पानी लगा हुआ है। इसको निकालने के लिए बड़ी-बड़ी मशीनें लगाई गई हैं। इसके अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी मुख्य सड़क का पानी तो निकल गया है, लेकिन नालियों और गलियों में अभी पानी लगा है। जिसकी सफाई कराई जा रही है। गिरजाघर, गोदौलिया, नई सड़क, बेनियाबाग, अंधरापुल, चौकाघाट पुल, सरैया, सामने घाट आदि इलाकों में मुख्य सड़क का पानी निकल गया है, लेकिन अब भी गलियों में पानी लगा है। बेनियाबाग के आसपास के इलाकों में स्मार्ट सिटी के तहत खोदाई का काम होने से कीचड़ और गंदगी व्याप्त है। यही नहीं सिगरा स्मार्ट सिटी कमांड सेंटर के सामने मकबूल अलम रोड खजूरी दुर्गाकुंड बेनियाबाग के पास सड़क धंस गई है। जिसमें मलबा और बालू डालकर हरे परदे से ढंक दिया गया है। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के लिए मातहतों को निर्देश दे दिया है। उन्होंने कहा कि जहां सड़कें खराब हैं, वहां बनवाई जाएंगी। जहां जलभराव है, वहां पंप लगाकर पानी निकालने को कहा है।
बारिश से हुए जलभराव की समस्या सदन में उठाएगी सपा
सपा पार्षद दल के मुख्य सचेतक हारुन अंसारी ने वर्चुअल संवाद कर कहा कि जलभराव के मुद्दे को सदन में उठाएंगे। गोदौलिया-जंगमबाड़ी के पार्षद गोपाल यादव ने कहा कि व्यापारियों की दुकानों में पानी भर गया।