वाराणसी। मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन के पास चार पहिया वाहन से बाइक सवार आशुतोष तिवारी को कुचलने के आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ कोर्ट ने वारंट जारी किया है। हफ्ते भर से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भेलूपुर थाने की पुलिस दबिश दे रही है। उधर, घायल युवक का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।
पिछले 26 दिसंबर को मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन आरपीएफ बैरक के पास बाइक सवार चांदपुर के रहने वाले आशुतोष तिवारी और उसके दोस्त शारिक को चार पहिया वाहन ने कुचल दिया था। पुरानी रंजिश में बेटे आशुतोष को कुचलकर मारने का आरोप लगाते हुए मां ममता तिवारी ने जज कॉलोनी महमूरगंज निवासी मनोज सिंह और उसके बेटे सृजन सिंह समेत अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। इस सिलसिले में एसीपी भेलूपुर प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि हत्या के प्रयास मामले में नामजद पिता-पुत्र के खिलाफ वारंट जारी किया गया है। गिरफ्तारी को लेकर दबिश जारी है। जल्द ही कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
29 दिसंबर को आरोपी के परिजन को हिरासत में लिए जाने पर अधिवक्ताओं ने भेलूपुर थाने में खूब बवाल काटा था। महिला अधिवक्ताओं ने भेलूपुर के प्रभारी निरीक्षक रमाकांत दुबे व अज्ञात के खिलाफ दशाश्वमेध थाना में मुकदमा भी दर्ज कराया है। उधर, घायल आशुतोष तिवारी की मां ममता तिवारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है।