मतदाता सूची को आधार नंबर से जोड़ा जाएगा। इसके लिए जिले में एक अगस्त से 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान में बीएलओ घर-घर जाकर लोगों के आधार नंबर को जोड़ेंगे।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल राज शर्मा ने कहा कि इस पहल से मतदाता सूची में डुप्लीकेसी को रोकने में मदद मिलेगी। इसके अलावा नए मतदाता, जिनकी उम्र 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उन्हें मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फार्म 6 भरना होगा। यह फार्म भरते समय ही वह अपना आधार नंबर भी उसमें अंकित कर देंगे।
रायफल क्लब सभागार में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में पहले से शामिल मतदाताओं को इसके लिए फार्म 6 ख भरना होगा। किसी भी मतदाता को अपने आधार कार्ड की फोटो प्रति उपलब्ध नहीं करानी है, बल्कि उसे अपना आधार नंबर बीएलओ को नोट कराना है। कहा कि सभी बीएलओ की सूची तहसील एवं विकास खंड मुख्यालयों पर चस्पा कराई जाएगी।
लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर पर भी जारी किया जाएगा, जिससे कि भटकना न पड़े। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को बीएलओ की अनुपस्थिति एवं फार्मों की अनुपलब्धता की जानकारी दी तो उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को बीएलओ की उपस्थिति हर दशा में सुनिश्चित कराने, समय-समय पर जांच करते रहने का निर्देश दिया।
अधिकारियों से यह भी कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं पूर्व में चुनाव लड़ चुके लोगों से संपर्क कर यह फीडबैक ले ले, कि किस क्षेत्र में मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से वंचित रह गया था। इस दौरान जिन लोगों की मौत हो चुकी है या स्थानांतरित होकर कहीं चले गए हैं, तो ऐसे लोगों का नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का कार्य भी किया जाना चाहिए।
मतदाता सूची से नाम काटने की कार्रवाई मेरिट के आधार पर की जाए। यदि गलत तरीके से किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से कटा तो जिम्मेदारी निर्धारित कर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शैक्षणिक संस्थानों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, आधार कार्ड बनवाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का भी निर्देश दिया।